तितिक्षा पब्लिक स्कूल के लिए अत्यंत गर्व और खुशी का विषय है कि विद्यालय का कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत (100%) रहा। विद्यालय के सभी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की और विद्यालय का नाम रोशन किया। इस उल्लेखनीय उपलब्धि ने न केवल विद्यार्थियों बल्कि अभिभावकों और शिक्षकों के बीच भी उत्साह का वातावरण बना दिया है।
इस वर्ष कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में विद्यालय के कुल 226 विद्यार्थियों ने भाग लिया था, जिनमें से सभी विद्यार्थी सफल घोषित हुए। टिशा गोयल ने 96% अंकों के साथ प्रथम स्थान, कनिका कोहली ने 95.6% अंकों के साथ द्वितीय स्थान तथा आर्यन आचार्य और हिमांशु कुमार ने 95% अंकों के साथ विद्यालय में तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को प्रमाणित किया।
विषयों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले छात्रों की सूची इस प्रकार है -
अंग्रेजी में कनिका कोहली 97 अंक, हिंदी में समीक्षा जिंदल 96 अंक, गणित स्टैंडर्ड में मिशिका जिंदल, अंश गोयल, आर्यन आचार्य, केशव पवार 99 अंक, गणित बेसिक में आरंभ सिंगल 91 अंक, विज्ञान में गौतम कुकरेजा, हिमांशु कुमार 97 अंक, सामाजिक विज्ञान में कनिका कोहली, आदित्य गुप्ता, आर्यन आचार्य 98 अंक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस में सारा बंसल, आदित्य सिंह, चंचल, रिदम और टिशा गोयल ने 100 अंक, पेंटिंग में दर्श भारद्वाज, कुणाल, मानिक बवेजा तथा अंकित मेहता ने 97 अंक, गृह विज्ञान में कुणाल ने 95 अंक, फूड प्रोडक्शन में सिद्धि अवस्थी, भव्या शर्मा तथा लक्ष्य कौशिक ने शत प्रतिशत अर्थात 100 अंक प्राप्त किए।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, इस सफलता के पीछे विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों का समर्पण और अभिभावकों का सहयोग प्रमुख कारण रहा है। शिक्षकों ने पूरे वर्ष विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया, नियमित कक्षाओं के साथ-साथ अतिरिक्त कक्षाओं और परीक्षाओं का आयोजन किया गया, जिससे विद्यार्थियों की तैयारी और मजबूत हुई।
विद्यालय प्रमुख श्रीमती रितंभरा चौहान ने यह भी बताया कि तितिक्षा पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है, जिससे वे न केवल शैक्षणिक क्षेत्र में बल्कि अन्य गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।